₹1.87 लाख नकद, करीब ₹2.10 लाख के आभूषण, तीन मोबाइल और बोलेरो बरामद

रिपोर्टर – अमान खान
सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र

सोनभद्र।

जनपद में चोरी एवं छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से रॉबर्ट्सगंज एवं ओबरा क्षेत्र की चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा करते हुए 1 लाख 87 हजार 200 रुपये नकद, करीब 2 लाख 10 हजार रुपये कीमत के पीली धातु के आभूषण, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुश्री मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस की विभिन्न चौकियों की टीमों ने पंचमुखी महादेव मंदिर, सहिजन खुर्द के पास घेराबंदी कर बोलेरो सवार सातों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

भीड़भाड़ वाले बाजारों और धार्मिक स्थलों को बनाते थे निशाना

पूछताछ में पुलिस के सामने गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया। पुलिस के मुताबिक, गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और त्योहारों के दौरान महिलाओं के गले से सोने के आभूषण चोरी करता था। पुरुष अभियुक्त किशन कुमार बोलेरो चलाने के साथ अलग-अलग स्थानों की रेकी कर भीड़भाड़ वाले इलाकों को चिह्नित करता था। इसके बाद महिला सदस्य भीड़ में शामिल होकर महिलाओं के आभूषण चोरी कर लेती थीं। चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट ली जाती थी।

रॉबर्ट्सगंज की चार और ओबरा की एक घटना का खुलासा

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज की चार तथा थाना ओबरा की एक, कुल पांच चोरी की घटनाओं का अनावरण हुआ है। बरामद आभूषणों में एक लॉकेट को मुकदमा संख्या 927/2026 की वादिनी ने मौके पर पहुंचकर अपना चोरी गया लॉकेट पहचान लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

गिरफ्तार महिलाओं में अर्चना, रीना, अंशिका, नेहा उर्फ काजल, अंजली और सुनीता देवी शामिल हैं। वहीं पुरुष अभियुक्त की पहचान किशन कुमार के रूप में हुई है। सभी अभियुक्त जनपद गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

बरामदगी में नकदी, आभूषण और बोलेरो शामिल

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,87,200 रुपये नकद, पीली धातु का लॉकेट, अंगूठी, ओम लिखा लॉकेट, एक जोड़ी झाला, कान के टॉप्स, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा करीब 13 लाख रुपये अनुमानित कीमत की बोलेरो बरामद की है। बोलेरो को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, क्राइम निरीक्षक बनारसी यादव, विभिन्न चौकियों के प्रभारी उपनिरीक्षक, पुलिसकर्मी एवं महिला आरक्षियों की टीम शामिल रही।

सोनभद्र पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सहयोगियों और चोरी के आभूषण खरीदने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से जनपद में हुई पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed