रिपोर्टर – अमान खान
सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल, दौड़ और शस्त्र प्रशिक्षण कराया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को फिट, अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ रहकर जनसेवा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

परेड के दौरान पुलिस बल में एकरूपता, टीम भावना एवं अनुशासन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसके बाद यूपी-112 और विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग की गई। वाहनों की तकनीकी स्थिति, साफ-सफाई, रखरखाव तथा दंगा नियंत्रण उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। संबंधित पुलिसकर्मियों को वाहनों और उपकरणों को हमेशा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द की सलामी स्वीकार कर गार्द रजिस्टर की पेशी की। परिवहन शाखा का निरीक्षण करते हुए वाहनों के अभिलेख, फिटनेस और रखरखाव की जानकारी ली। साथ ही क्वार्टर गार्द, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, बैरक एवं पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात सुधीर कुमार सिंह मौजूद रहे। एसपी ने पुलिस लाइन की समस्त व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने तथा पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
