रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 23 नवंबर। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व संबंधी मामलों सहित विभिन्न शिकायतें सामने आईं।

एसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से की जाए तथा पीड़ितों को कार्रवाई की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उनमें बिना देरी विधिक कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं पारदर्शिता मजबूत करने पर जोर दिया गया। पुलिस ने आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान अपनी प्राथमिकता बताया।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *