MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।
मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 23 नवंबर 2026 को पुलिस और एक संदिग्ध वाहन चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

बझेड़ी अंडरपास पर चेकिंग के दौरान मिली सूचना
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, थाना नई मंडी पुलिस टीम बझेड़ी अंडरपास पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-58 से ग्राम बझेड़ी जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कराई।
पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही टीम संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ करने के लिए आगे बढ़ी, उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ सूक्ष्म एवं नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान और बरामदगी
पुलिस के अनुसार, घायल गिरफ्तार आरोपी की पहचान ताज मौहम्मद पुत्र मुल्ला कासिम निवासी नई बस्ती, थाना भोपा, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
15 मुकदमों का आपराधिक इतिहास आया सामने
पुलिस प्रेस नोट में गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 15 मुकदमों का आपराधिक इतिहास बताया गया है। इनमें चोरी, अवैध शस्त्र, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गोवध अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। ये मुकदमे थाना भोपा, सिविल लाइन और नई मंडी में दर्ज बताए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव और थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही।

मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र, उपनिरीक्षक अनुभव चौधरी, प्रदीप द्विवेदी, संदीप चौधरी सहित थाना नई मंडी पुलिस के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को जनपद में वाहन चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
