रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 25 नवंबर। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस ने ऑपरेशन शुद्धि के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 5.10 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मेविश टाक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के निर्देशन में पुलिस टीम ने 24 नवंबर की रात मानपुर तियरा नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रियांशू बियार (26 वर्ष), पुत्र रामसागर बियार, निवासी ग्राम बुड़हर खुर्द, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.10 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इस मामले में रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा संख्या 948/2026, धारा 8/21/27-ए एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह एक व्यक्ति से हेरोइन लेकर अपने क्षेत्र में बेचता था और बिक्री की रकम उसे पहुंचाता था। बरामद मोबाइल फोन से मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध रॉबर्ट्सगंज थाने में पूर्व में भी भारतीय न्याय संहिता एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, हेड कांस्टेबल भगवान यादव, कांस्टेबल अम्बुज सिंह एवं कांस्टेबल अमित शुक्ला शामिल रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *