
MD न्यूज़ रिपोर्टर संदीप बाजपेई
लखीमपुर खीरी जिले में फरधान थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम अटौहां निवासी अक्षय लाल पुत्र शिवराम का आरोप है कि घर में टाइल लगाने के विवाद में उनकी स्कूटी जबरन छीन ली गई। शिकायत के बाद 3 नवंबर को फरधान थाने में दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता कराया गया, लेकिन आरोप है कि समझौते का पालन आज तक नहीं हुआ। पीड़ित के मुताबिक, पहाड़ापुर निवासी कुलदीप पुत्र नन्हेंलाल ने उनके घर में टाइल लगाने का ठेका लिया था। काम अधूरा रहने के दौरान 31 अक्टूबर को गूमचीनी चौराहे पर उनकी स्कूटी छीन ली गई। इसकी शिकायत लीलाकुआं पुलिस चौकी पर की गई थी। इसके बाद थाने में हुए समझौते में काम का हिसाब 28 हजार रुपये तय हुआ था। पीड़ित का कहना है कि 25 हजार रुपये मिलने के बाद शेष पांच हजार रुपये काम पूरा होने पर देने और स्कूटी लौटाने की सहमति बनी थी। अक्षय लाल का आरोप है कि काम पूरा होने के बावजूद न बकाया रकम मिली और न स्कूटी वापस की गई। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती है। पीड़ित का दावा है कि वह करीब 25 दिनों से चौकी और थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। थाने में लिखित समझौता कराने के बाद भी उसका पालन नहीं हुआ तो जिम्मेदारी किसकी है? क्या पुलिस की भूमिका केवल समझौता लिखवाने तक सीमित है? पीड़ित की शिकायत पर अब तक प्रभावी कार्रवाई न होने के आरोप ने फरधान पुलिस की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित ने स्कूटी वापस दिलाने, बकाया रकम दिलाने और धमकी के आरोपों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना है कि पुलिस मामले में क्या कदम उठाती है।
