एक ही रात में तीन राहगीरों से की थी लूट, अगली वारदात की योजना बनाते समय पुलिस ने दबोचा; लूट में इस्तेमाल कार बरामद

रिपोर्ट-कृष्णा प्रजापति

फतेहाबाद : अपनी औरा कार में सवार होकर जीजा-साले अपने दो दोस्तों के साथ लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह ने एक ही रात में फतेहाबाद क्षेत्र में तीन स्थानों पर राहगीरों को निशाना बनाकर मारपीट की और नकदी, मोबाइल व सोने की बाली लूट ली थी। पुलिस ने चारों आरोपितों को अगली लूट की वारदात की योजना बनाते समय गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई औरा कार, लूटी गई पीली धातु की बाली, 6340 रुपये, तीन मोबाइल, एक कटर और प्लास बरामद किए गए हैं।

इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र ने पुलिस बल के साथ मंगलवार रात करीब 12:35 बजे मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के पास अंडरपास से चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें पवन ठाकुर पुत्र पूरन सिंह निवासी कांकरपुरा, निबोहरा शामिल है। वह अपनी औरा कार चलाता था। उसका साला सूरज ठाकुर पुत्र राकेश निवासी मधुपुर, शमसाबाद और उनके दो दोस्त देवांश पुत्र रामनरेश व जितेंद्र चौहान पुत्र यशपाल सिंह निवासीगण लालपुरा, निबोहरा भी गिरफ्तार किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर की रात करीब 11:45 बजे गुड़गांव से घर लौट रहे जयवीर सिंह पुत्र प्रमोद चौहान निवासी राजा का पुरा, खंडेर को भगवान देवी इंटर कालेज के पास औरा कार सवार युवकों ने रोक लिया। आरोपितों ने मारपीट कर उनके दो मोबाइल और 830 रुपये लूट लिए। इसके बाद रात करीब 12 बजे सारंगपुर से हलवाई का काम समाप्त कर साथियों के साथ पैदल लौट रहे रवी पुत्र नेमीचंद निवासी टंकी चौराहा, डौकी को रेलवे स्टेशन के पास निशाना बनाया। आरोपितों ने मारपीट कर कटर से उनके कान की सोने की बाली काट ली और उनके साथी का मोबाइल लूट लिया।

तीसरी वारदात में रात करीब डेढ़ बजे आगरा कैंट निवासी योगेश बटेश्वर से लौटते समय अवंतीबाई चौक पर रोक लिया। आरोपितों ने उनके साथ मारपीट कर एक अंगूठी,15 हजार रुपये और एक मोबाइल लूट लिया। तीनों पीड़ितों ने थाना फतेहाबाद में तहरीर दी थी।

घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने पुलिस को जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने चारों आरोपितों को अगली मंगलवार की रात वारदात की योजना बनाते समय गिरफ्तार कर लूट में प्रयुक्त औरा कार समेत अन्य सामान बरामद किया है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *