
रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार
सोनभद्र, 26 नवंबर। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत सोनभद्र पुलिस की प्रभावी विवेचना और न्यायालय में की गई पैरवी के फलस्वरूप थाना हाथीनाला में दर्ज अपहरण एवं बहला-फुसलाकर ले जाने से संबंधित मामले में दोषसिद्ध अभियुक्त अजीत कुमार को न्यायालय ने आठ वर्ष के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
पुलिस के अनुसार, थाना हाथीनाला में मु0अ0सं0-21/2020, धारा 363 और 366 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय एएसजे/एफटीसी/सीएडब्ल्यू, सोनभद्र ने अभियुक्त अजीत कुमार पुत्र अम्बिका प्रसाद, निवासी बेलहथ्थी टोला रानीताली, थाना हाथीनाला को दोषसिद्ध करार दिया।
न्यायालय ने धारा 363 भादवि में पांच वर्ष के कठोर कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 366 भादवि में आठ वर्ष के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा न करने पर दो माह के अतिरिक्त कारावास का प्रावधान किया गया है। जेल में बिताई गई अवधि सजा में समायोजित होगी तथा सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
पुलिस के मुताबिक, प्रभावी विवेचना, साक्ष्यों के संकलन, अभियोजन अधिकारी की न्यायालयीन पैरवी, कोर्ट मोहर्रिर के समन्वय और जनपद मॉनिटरिंग सेल की सतत निगरानी से अभियुक्त को सजा दिलाने में सफलता मिली।
