जनगणना से जनकल्याण का संदेश, ब्रांड एम्बेसडर डॉ. राजीव कुमार ने नागरिकों को किया जागरूक

MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) जनपद मुजफ्फरनगर।

मुजफ्फरनगर, 29 नवंबर 2026। भारत की जनगणना-2027 को सफल बनाने और नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शाहपुर स्थित वृंदावन गार्डन में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एवं उपप्रमुख जिला जनगणना अधिकारी अमित कुमार तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजपाल बालियान ने जनपदवासियों से स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सही जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए।

उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने भी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्व-गणना के दौरान अपने परिवार से संबंधित सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक और सही-सही दर्ज करें, ताकि जनगणना अभियान सफल हो सके।

जनगणना-2027, जनपद मुजफ्फरनगर के ब्रांड एम्बेसडर डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि स्व-गणना से जनगणना की प्रक्रिया सरल, तेज और अधिक सटीक बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना अभियान की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। उन्होंने सभी नागरिकों से समय रहते अपनी स्व-गणना पूरी करने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शाहपुर क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, समाजसेवी, पत्रकार, शिक्षाविद, व्यापारी, खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं अन्य जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *