रिपोर्ट आकाश मिश्र बहुआयामी समाचार

UP3105872262701AKM24071993
24OCT2024LMP001784
महेवागंज/फूलबेहड़। छींटाकशी को लेकर पड़ोसियों में मारपीट हो गई। ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष की दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने घर में आग लगाने का भी आरोप लगाया है।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल एक महिला को लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया फूलबेहड़ के राजापुर गांव के मजिस्टर लाल की पड़ोसी हरिबक्श सिंह से रंजिश चल रही है। आरोप है हरबख्श सिंह के घरवालों ने पड़ोसी मजिस्टर के घर की महिलाओं पर कुछ छींटाकशी कर दी। इसका विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। ईंट पत्थर चलने लगे।
मारपीट में 60 वर्षीय मजिस्टर लाल उनकी 55 वर्षीय पत्नी रानी देवी और बहू किरन देवी लहूलुहान हो गए। आरोप है कि दबंगों ने इसके बाद घर में आग लगा दी। यह देख गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना पर एसओ फूलबेहड़ आलोक धीमान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। रानी देवी की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर किया है।
प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि मारपीट में पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हुए हैं। पीड़ित की तहरीर पर विनोद सिंह, ज्ञानू, रानू और हरबख्श सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ मारपीट, आगजनी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। एक की तलाश में पुलिस टीम लगी है।
