नसीम अहमद

बिजनौर। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश एवं स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय क्लस्टर सोशल ऑडिटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को राजकीय कन्या बेसिक प्राइमरी विद्यालय, बिजनौर के सभागार में संपन्न हुआ।

यह सोशल ऑडिट कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह देश में दसवां राज्य है जहाँ इस पहल की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम के तहत सुभारती विश्वविद्यालय को प्रदेश के कुल 18 जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस प्रशिक्षण में बताया गया कि सोशल ऑडिट के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों तथा इनमें अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों के समग्र मूल्यांकन का कार्य किया जाएगा। ऑडिट के दौरान पाई गई कमियों एवं उपलब्धियों के आधार पर शासन स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ से मास्टर प्रशिक्षक डॉ. अतुल तिवारी एवं श्री महेश कुमार ने प्रतिभागियों को सोशल ऑडिट की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान प्रायोगिक डेमो के माध्यम से प्रतिभागियों की कार्य समझ को मजबूत किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन विश्वविद्यालय के समग्र शिक्षा प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी प्रो. डॉ. अनोज राज के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बिजनौर में आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र में कुल 45 क्लस्टर सोशल ऑडिटर उपस्थित रहे।

0 views

By admin_kamish

बहुआयामी राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *