संवाददाता अजय कुमार
दिव्यांगजनों के लिए उपकरण नहीं, आत्मनिर्भरता का सहारा दे रही सरकार : केंद्रीय राज्यमंत्री
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने गिनाईं केंद्र, प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाएं
केंद्रीय मंत्री ने 973 दिव्यांगजन और वृद्धजन को बांटे कृत्रिम उपकरण
लखीमपुर खीरी 19 जून। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में आत्मनिर्भरता और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में धौरहरा के बीआरसी मैदान में सामाजिक अधिकारिता शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत 973 चिन्हित लाभार्थियों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार) ने विधायक विनोद शंकर अवस्थी, सीडीओ अभिषेक कुमार, प्रशिक्षु आईएएस मनीषा की मौजूदगी में शिविर का उद्घाटन किया और लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें उपकरण वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि धौरहरा में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर से दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों का जीवन अधिक सहज और आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।

