अफजलगढ़ संवाददाता शाहवेज अहमद।
कोटद्वार। कोटद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जाफराबाद से करीब दो किलोमीटर आगे सुकरो नदी के पास निर्माणाधीन पुलिया का बंबा अचानक टूट गया। इससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया। जाम में फंसे यात्री और स्कूली बच्चे घंटों तक गर्मी और धूप में बेहाल रहे। पुलिया का बंबा टूटते ही मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे कोटद्वार, नजीबाबाद और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग ठप हो गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाकर टूटे हुए हिस्से पर मिट्टी भरवाकर अस्थायी मरम्मत कराई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रास्ता सुचारु किया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पुलिया लंबे समय से खराब हालत में थी, जिसकी ओर संबंधित विभागों ने कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन ने दिया स्थायी मरम्मत का आश्वासन मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए शीघ्र ही पुलिया की स्थायी मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।






