रिपोर्ट: विशाल सिंह सैदपुर

सैदपुर। थानाक्षेत्र के धुआर्जुन स्थित बिशुनपुर जुनारदार गांव में सोमवार की रात में झारखंड पुलिस पहुंची और धोखाधड़ी के आरोपी गांव निवासी एक व्यक्ति के घर पर धारा 82 की कार्रवाई करते हुए नोटिस चस्पा की और पूरे गांव में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई। गांव निवासी आनंद तिवारी पुत्र जयप्रकाश तिवारी के खिलाफ झारखंड के गिरीडीह स्थित बागोदर थाने में धोखाधड़ी आदि का मुकदमा दर्ज है लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वो फरार चल रहा है। लंबी फरारी के चलते गिरीडीह के न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ नोटिस जारी की। जिसके बाद झारखंड पुलिस नोटिस लेकर सैदपुर पहुंची और सैदपुर पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर पहुंचकर आरोपी की तलाश की। आरोपी नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने गांव में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराते हुए परिजनों की मौजूदगी में उसके घर पर नोटिस चस्पा की और 1 माह का समय देते हुए कहा कि अगर एक माह में आरोपी हाजिर नहीं हुआ तो घर की कुर्की कर दी जाएगी। इस मौके पर बागोदर के एसआई जयप्रकाश कुमार, वहीं के कां. नीतीश कुमार व सैदपुर से अनिल कुमार साथ रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *