लगातार बारिश के कारण आठ मकान ध्वस्त, 20 लोग घायल, एक बुजुर्ग और बच्ची की मौत।

रिपोर्टर मौहम्मद फ़ैज़ान *बिजनौर*

दो दिन से लगातार हो रही बारिश से जिले में आठ मकान जमींदोज हो गए।

मलबे में दबकर लगभग 20 लोग घायल हुए हैं, जबकि गांव जंदरपुर में चाहत (3) पुत्री शाहिद और नहटौर में अय्याज (60) की मौत हो गई। सोमवार रात ग्राम अलावलपुर उद्दा निवासी दिनेश सिंह अपनी पत्नी व पांच बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। रात में लगभग एक बजे उनका मकान गिर गया। एसडीएम और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी तथा ग्रामीणों के सहयोग से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकलवाया। दिनेश सिंह, उनकी पुत्री वंशिका तथा पुत्र शिव गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य को मामूली चोट हैं। तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से वंशिका तथा शिव को मेरठ रेफर किया गया है। क्षेत्रीय विधायक ओम कुमार ने गांव पहुंचकर परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। *गजरौला* शिव क्षेत्र के गांव जंदरपुर में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे शाहिद का कच्चा मकान गिर गया। उसकी पुत्री चाहत की मौत हो गई, जबकि अन्य पुत्रियां आयात (4) और अलीशा (2) घायल हो गईं। *नहटौर* के मोहल्ला नई आबादी निवासी अय्याज (60) व उसकी पत्नी खैरुन्निशा अपने मकान के दोमंजिला कमरे में सोए थे। मंगलवार सुबह करीब छह बजे पत्नी खैरुन्निशा नमाज पढ़ने नीचे आ गई। इसी दौरान मकान की ऊपरी मंजिल की कड़ी वाली छत गिर गई। मलबे में दबने से अय्याज घायल हो गए। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, रास्ते में उनक मौत हो गई।मंगलवार को गांव तुराबनगर निवासी मनोज कुमार पुत्र बाबूराम सिंह का मकान गिर गया। मलबे में दबकर मनोज (45), उसकी भाभी विनोद (48), पुत्र सत्यम (6) तथा गांव जमापुर निवासी रिश्तेदार पियूष (9) घायल हो गए। मलबे में दबकर घर में रखा सामान खराब हो गया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। गांव जलालपुर तुर्क में मंगलवार को ब्रजपाल सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह की पशुशाला गिर गई। मलबे में दबकर चार पशु घायल हो गए। *नींदड़ू* के गांव मोहम्मद अलीपुर भिक्कन के मोहल्ला चमरपुरी में सोमवार की रात संजीव कुमार की पत्नी संकेस (40) अपनी बेटी लवली (13) के साथ चारपाई पर सो रही थी। मकान की दीवार उनकी चारपाई पर गिर गई। मलबा हटाकर मां-बेटी को बाहर निकाला गया। दोनों घायल हो गईं। मलबे में घर का सामान भी दब गया। एक बछिया भी घायल हो गई। यहीं पर बस्ती में कोमल सिंह के आवासीय मकान की कच्ची छत गिर गई। मलबे में राशन आदि सामान दब गया। *नूरपुर* के गांव दौलतपुर बिल्लौच में वकील शाह के बरामदे की दीवार गिरने से पूरा लिंटर भरभरा कर गिर गया। परिजन दूसरे कमरे में सो रहे थे। उधर, गांव में ही फकरुद्दीन के निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से पड़ोसी आमिर खान के खेत में लगे करीब 100 यूकेलिप्टस के पौधे दबकर नष्ट हो गए। *स्योहारा* के ग्राम फैजुल्लापुर निवासी रेखा पत्नी सोनू प्रजापति का कच्ची दीवारों से बना घर भरभराकर गिर गया। मलबे में राशन भी दबकर नष्ट हो गया। *मंडावली* के गांव कामगारपुर में मंगलवार सुबह चार बजे मकान की कच्ची छत गिर गई। हादसे में मकान स्वामी वीर सिंह और उनकी पुत्री सलोनी चोटिल हो गए। मकान में रखे कपड़े, चारपाई, अनाज, बर्तन आदि भी मलबे में दब गए। अब ये परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *