
रिपोर्टर मौहम्मद फ़ैज़ान
बिजनौर। कलक्ट्रेट में डीएम से लेकर एसडीएम, रजिस्ट्रार तक का कार्यालय है। इसी परिसर में स्टांप बिक्री में अवैध वसूली का खेल चल रहा है। कलक्ट्रेट में स्टांप वेंडर स्टांप पर सुविधा शुल्क के नाम पर 30 से 100 रुपये तक वसूल रहे हैं।अतिरिक्त शुल्क की पोल शनिवार को स्टिंग में खुली।
टीम शनिवार को 12 बजकर 50 मिनट पर कलक्ट्रेट पहुंची। यहां से स्टांप खरीदने के लिए पहले एक स्टांप वेंडर से मुलाकात की। उसने एक हजार रुपये के स्टांप पर 100 रुपये अतिरिक्त देने की बात कही। पैसे कम करने को कहा तो स्टांप वेंडर ने कहा कि कहीं ओर से खरीद लो। इसके बाद टीम दूसरे स्टांप वेंडर के पास पहुंची। वेंडर से एक हजार रुपये वाला स्टांप देने के लिए कहा। इस पर वेंडर ने कहा आपको इस स्टांप के 1050 रुपये देने होंगे। स्टांप पर 50 रुपये अधिक लेने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि आपको आसानी से स्टांप मिल रहा है। इसलिए, यह सुविधा शुल्क लिया जा रहा है। टीम ने स्टांप के 1030 रुपये गूगल पे से ऑनलाइन करने की बात कही तो वेंडर झिझक गया। पहले तो उसने नकद पैसे देने को कहा। बाद में गूगल पे अकाउंट पर भेज दिए और एक हजार रुपये वाला स्टांप खरीद लिया गया।
शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए लिया स्टांप
टीम नै कलक्ट्रेट में वेंडर के यहां से शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए एक हजार रुपये का स्टांप लिया। हथियार या गोला-बारूद से संबंधित अनुच्छेद 38ए लाइसेंस के आधार पर वेंडर ने स्टांप जारी किया।
छोटे स्टांप पर ज्यादा वसूली
वेंडर कई स्टांप पर 50 प्रतिशत तक भी स्टांप शुल्क वसूलते हैं। अगर, कोई 10 रुपये वाला स्टांप लेता है तो उसके वह 20 रुपये लेते हैं। यहां 50 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लिया। ऐसे ही स्टिंग के दौरान वेंडर ने पहले एक हजार रुपये के स्टांप पर 10 प्रतिशत यानी 100 रुपये अतिरिक्त की बात हुई। बाद में यह तीन प्रतिशत यानी 30 रुपये चार्ज लिया।
हर जगह पड़ती है स्टांप की जरूरत
जमीन खरीद-फरोख्त से लेकर दुकान किराए लेने तक सभी कार्यों में स्टांप की जरूरत पड़ती है। जरूरत के हिसाब से 10 रुपये के स्टांप से लेकर कितने का भी स्टांप खरीद सकते हैं। मजबूरी में लोग अतिरिक्त शुल्क देकर स्टांप में खरीदते हैं।
वान्या सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व का कहना है कि स्टांप पर ज्यादा पैसा नहीं लिया जा सकता। हम इस मामले की जांच कराएंगे। जो ज्यादा पैसा वसूल रहे हैं, जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।
