रिपोर्टर:- विनीत तिवारी


एम डी न्यूज (लखीमपुर)तहसील मितौली के विकासखंड बेहजम की ग्राम पंचायत टेड़वा में लगातार हो रही बारिश के चलते कच्चे मकानों और दीवारों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार रात से रविवार सुबह तक गांव में करीब आठ लोगों के मकान और दीवारें ढह गईं। अचानक हुए इन हादसों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कई प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रहने के लिए गांव के दूसरे घरों में शरण लेनी पड़ी।
ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान और दीवारें पहले से ही कमजोर हो चुकी थीं। बारिश के बीच अचानक मकान और छतें गिरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।


वीरेंद्र कुमार का पक्का मकान ढहा


टेड़वा निवासी वीरेंद्र कुमार का पूरा पक्का मकान बारिश के चलते ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के लोग घर में मौजूद नहीं थे। बताया गया कि वीरेंद्र कुमार अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। परिवार के घर से बाहर होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।


बाल-बाल बचे प्रेम प्रकाश और बच्चे


गांव निवासी प्रेम प्रकाश ने बताया कि रविवार सुबह करीब चार बजे वह अपने बच्चों के साथ छत के नीचे लेटे हुए थे। अचानक मकान की बल्लियां टूटने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही उन्होंने बच्चों को लेकर तुरंत बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके कुछ ही देर बाद पूरी छत भरभराकर गिर गई। प्रेम प्रकाश ने बताया कि यदि समय रहते वे बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।


प्रधान प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर दिया आश्वासन


घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश तिवारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों का हाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया कि जो भी संभव होगा, सरकारी स्तर से लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीण बोले—अधिकारी और विधायक ने नहीं ली सुध ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब आठ घर और दीवारें गिरने के बावजूद अभी तक ब्लॉक स्तर का कोई अधिकारी अथवा क्षेत्रीय विधायक प्रभावित परिवारों का हाल जानने मौके पर नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों का कहना है कि मकान गिरने के बाद कई परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है और उनके पास सुरक्षित आवास की व्यवस्था नहीं है।
प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मकान गिरने से हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा बेघर परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है।

7 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *