बिजनौर में वाइल्डलाइफ रिपीलेंट डिवाइस और फॉक्स लाइट से आबादी की सुरक्षा, सेंसर से बजेगा सायरन
अंकुल प्रजापति
बिजनौर। बिजनौर में गुलदार की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए वन विभाग ने नई पहल की शुरुआत कर दी है। जिलेभर के संवेदनशील क्षेत्रों में 110 सोलर बेस्ड वाइल्डलाइफ रिपीलेंट डिवाइस और फॉक्स लाइट लगाई जाएंगी। पहले चरण में इस्सेपुर गांव में पांच लाइट्स लगाई जा चुकी हैं।
ये डिवाइस सेंसर आधारित हैं। जैसे ही कोई जंगली जानवर इनके पास आता है, तो सायरन बजने लगता है और लाइट ब्लिंकिंग करती है। इससे जानवर जंगल की ओर लौट जाते हैं और ग्रामीणों को भी खतरे का अलर्ट मिल जाता है। पिछले कुछ समय से बिजनौर में गुलदार का आतंक बना हुआ है। अब तक 35 लोग जान गंवा चुके हैं और सैकड़ों घायल हो चुके हैं। वन विभाग लगातार पिंजरे लगाकर गुलदार पकड़ने और ग्रामीणों को जागरूक करने का काम कर रहा है, लेकिन अब तक प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हुए।
वन विभाग के एसडीओ ज्ञान सिंह ने बताया कि डिवाइस सोलर से संचालित है और इसमें सायरन और ब्लिंकिंग
लाइट की सुविधा है। प्राथमिक तौर पर 110 संवेदनशील गांवों में एंट्री और अंतिम छोर पर डिवाइस लगाए जा रहे है। सीडीओ और डीएम के निर्देशन में यह काम किया जा रहा है।
एसडीओ ने कहा कि फिलहाल इस्सेपुर में डिवाइस लगाई गई है। अगर इसके सकारात्मक परिणाम मिलते हैं तो अन्य प्रभावित गांवों में भी इसे लगाया जाएगा। डिवाइस के काम करने से ग्रामीण और वन विभाग के कर्मचारी सतर्क रहते हैं और जंगली जानवर आबादी में प्रवेश नहीं कर पाते।

