ब्यूरो चीफ सुजीत कुमार – कानपुर नगर

कानपुर। आगामी छठ पूजा महोत्सव को लेकर गोविंद नगर विधानसभा के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने आज क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

विधायक श्री मैथानी ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर संस्कृति, परंपरा और आस्था के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। छठी मैया का यह महापर्व प्रकृति, सूर्य देवता और मातृशक्ति की आराधना का प्रतीक है, जो हमारी सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध करता है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी छठी मैया का पूजन उनके विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होता है, जहां लाखों श्रद्धालु श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजन करते हैं। विधायक ने कहा कि वे स्वयं महीनों पहले से छठ घाटों की तैयारी और सफाई की निगरानी करते हैं ताकि श्रद्धालु निर्विघ्न पूजा कर सकें।

विधायक मैथानी ने विशेष रूप से अरमापुर क्षेत्र स्थित बड़ी नहर घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह स्थल अब केवल एक धार्मिक केंद्र नहीं, बल्कि एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन का रूप ले चुका है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं।

इस अवसर पर पार्षद नीरज कुरील, धर्म दूबे, विकास, अजय शुक्ला, अमित त्रिपाठी, मोहित बाजपेयी सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *