रिपोर्ट: गुफरान खान | एमडी न्यूज़ | मैगलगंज

खीरी – मैगलगंज थाना क्षेत्र के हैरमखेड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव में गुजर रही हाई टेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर खेत में गिर गया, जिससे खेत में खड़े गन्ने में आग लग गई। देखते ही देखते बाईकुआं निवासी मुनेंद्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह का करीब डेढ़ एकड़ गन्ना जलकर राख हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि मुबारकपुर पावर हाउस से दी जा रही सप्लाई की जर्जर तार लाइन के चलते आए दिन ऐसी घटनाएं घटित हो रही हैं। ग्रामीणों ने हादसे के बाद तत्काल लाइनमैन को फोन कर सप्लाई कटवाई, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी।

सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया।

घटना की जानकारी पर राजस्व लेखपाल सचिन कुमार ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों को बदलने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed