सनबीम लहरतारा में 21 से 23 नवम्बर तक राउंड स्क्वेयर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस का सफल आयोजन।

तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में साउथ एशिया एवं गल्फ क्षेत्र सहित चार देशों के 60 राउंड स्क्वेयर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 130 प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।

यह कॉन्फ्रेंस राउंड स्क्वेयर की सीईओ सुश्री रशैल वेस्टगार्थ (यूके), स्कूल सपोर्ट डायरेक्टर राजबीर संधू तथा एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट सारा मैक्गिल के निर्देशन में संचालित हुआ। यह फ़ोरम विशेष रूप से दक्षिण एशिया और खाड़ी क्षेत्र के राउंड स्क्वेयर सदस्य विद्यालयों के स्कूल प्रमुखों एवं राउंड स्क्वेयर समन्वयकों के लिए आयोजित किया जाता है। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य विद्यालय नेतृत्व को वार्षिक मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ वे शिक्षा से जुड़े उत्कृष्ट अभ्यास, नवीन रणनीतियाँ साझा कर सकें, सदस्य स्कूलों के बीच सहयोग को सुदृढ़ बना सकें तथा राउंड स्क्वेयर के कार्यक्रमों और योजनाओं के विकास में सामूहिक योगदान दे सकें।
राउंड स्क्वेयर की कार्यशालाएँ इसके छह प्रमुख IDEALS पर केंद्रित होती हैंअंतरराष्ट्रीयता (Internationalism), लोकतंत्र (Democracy), पर्यावरण संरक्षण (Environmental Stewardship), साहसिक गतिविधियाँ (Adventure), नेतृत्व (Leadership) और सेवा (Service)। देश के विभिन्न राज्यों तथा अन्य देशों से पधारे अतिथियों का स्वागत सनबीम शिक्षण समूह की निदेशक अमृता बर्मन ने किया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे कॉन्फ्रेंस शिक्षा का विकल्प नहीं, बल्कि वैश्विक शिक्षा का संकल्प हैं, जिनके माध्यम से हम समता और समानता के भाव को विश्वभर में स्थापित कर सकते हैं। स्वागत गान तथा बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी प्रतिनिधियों का हृदय जीत लिया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ करते हुए सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक एवं उपाध्यक्ष भारती मधोक ने सभी प्रतिनिधियों को बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यह कॉन्फ्रेंस ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की पुनर्स्थापना की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। ऐसे वैश्विक मंच विचारों के आदान-प्रदान के माध्यम से भेदभाव मिटाकर वैश्विक एकता और सद्भाव की सार्थकता सिद्ध करते हैं। इन समागमों से प्रतिनिधियों को एक-दूसरे को जानने, समझने तथा एक-दूसरे की सांस्कृतिक विरासत का अध्ययन करने का अवसर प्राप्त होता है। शिक्षा का कोई विकल्प नहीं है, और ऐसे अंतरराष्ट्रीय संवाद ही सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण विश्व के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
अंत में, सनबीम शिक्षण समूह के मानद निदेशक हर्ष मधोक एवं सहायक निदेशिका प्रतिमा गुप्ता ने सभी प्रतिनिधियों को सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया तथा भविष्य में सहयोग बनाए रखते हुए राउंड स्क्वेयर के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु मिलकर कार्य करने का संकल्प पुनः दोहराया। इस कॉन्फ्रेंस में देश के प्रतिष्ठित और ख्यातिप्राप्त विद्यालयोंजैसे मेयो कॉलेज, दून स्कूल, सिंधिया स्कूल, राजकुमार कॉलेज, मॉडर्न स्कूल, इंवेंचर अकादमी, वेल्हम सहित अन्य प्रमुख संस्थानों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *