बहु आयामी समाचार वॉइस ब्यूरो चीफ सचिन सिंह लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी में शादी समारोह से लौट रही ऑल्टो कार 30 फीट नीचे शारदा नहर में गिर गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। ड्राइवर को CPR देकर बचाया गया। बताया जा रहा है कि कार का गेट लॉक हो गया था। कार के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
नहर के तेज बहाव में कार 30 फीट आगे निकल गई थी। थोड़ी देर में कार पानी में डूब गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, फिर टॉर्च की रोशनी में ग्रामीण नाव से नहर में उतरे। उन्होंने कार में रस्सी बांधी और उसे बाहर निकाला। इसके बाद शीशा तोड़कर सभी को बाहर निकाला।
आनन-फानन में सभी को CHC रमिया बेहड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसा जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर पढुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा-गिरजापुरी हाईवे पर पारस पुरवा गांव के पास मंगलवार रात 11:40 बजे हुआ।
मृतकों की पहचान जितेंद्र (23), घनश्याम (25), लालजी (45) और सुरेश (50) के रूप में हुई है। चारों बहराइच के गंगा बैराज के कर्मचारी थे। एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
कार चालक बबलू (28) ने बताया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई आंखोंदेखी
स्थानीय ग्रामीण अभिमन्यु, रोबिन और उमेश ने बताया कि हम लोग सो रहे थे, तभी कार के गिरने और लोगों के चीखने की आवाज आई। पीछे से गुजर रहे एक कार चालक ने हादसा अपनी आंखों से होते देखा और चिल्लाकर लोगों को बुलाया।
हम लोग दौड़कर पहुंचे। देखा तो कार नहर में डूब रही थी। अंदर बैठे लोग छटपटा रहे थे। थोड़ी देर में कार पूरी तरह डूब गई। हमने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पढुआ थाना के सब-इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
इसके बाद रस्सी का इंतजाम किया गया। फिर नाव के सहारे हम लोग नहर में उतरे। कार में रस्सी बांधी और किसी तरह खींचकर उसे किनारे तक लाए। इसके बाद गेट लॉक थे। हमने ईंट से कार का शीशा तोड़ा, फिर सभी को बाहर निकाला।
सीपीआर देने पर एक को होश आ गया, लेकिन बाकी 5 लोगों को होश नहीं आया। पुलिस सभी को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
