बहुआयामी समाचार
एम डी न्यूज़ अलीगढ

  • गोंडा* : अलीगढ़ रोड पर पीपली चौराहे के पास हनुमान मंदिर के नजदीक दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में शामिल सभी लोग बिना हेलमेट के थे।

मृतकों में गोंडा थाना क्षेत्र के हीरपुर निवासी मुकेश कुमार (50) शामिल हैं। उनके साथ बाइक पर पिंटू कुमार (28), पुत्र निरंजन सिंह, भी थे। ये दोनों इगलास से काम कर के अपने गांव हीरपुर लौट रहे थे।

दूसरी बाइक पर जलालपुर, अलीगढ़ निवासी अरविंद कुमार (20) और पीपली निवासी पंकज कुमार (22) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों व्यक्तियों के सिर में गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को गोंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां मुकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया गया।

बाकी तीनों घायलों, पिंटू कुमार, अरविंद कुमार और पंकज कुमार को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मुकेश कुमार का शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भेजा जा रहा है।

गोंडा इंस्पेक्टर सरिता सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह गोंडा क्षेत्र में बिना हेलमेट के हुई सातवीं मौत है। इंस्पेक्टर सरिता सिंह ने लोगों से बार-बार हेलमेट पहनने का आग्रह किया है, लेकिन लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *