जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री को प्रेषित किया ज्ञापन।

बाराबंकी। मंगलवार को जनकल्याण किसान एसोसिएशन के चेयरमैन धर्म कुमार यादव के नेतृत्व में कई पदाधिकारियों ने मिलकर जिलाधिकारी महोदय कार्यालय पहुंचकर जनपद की अति व्यस्ततम सड़कों के चौड़ीकरण हेतु एक ज्ञापन प्रेषित किया साथ ही माननीय मुख्यमंत्री महोदय को भी रजिस्टर्ड डाक द्वारा इस संबंध में एक ज्ञापन भेजा है। संगठन द्वारा प्रेषित किए गए ज्ञापन में दर्शाया गया है कि जनपद के विकास खंड देवा एवं विकास खंड बंकी क्षेत्र की ग्वारी से शुगर मिल रोड, सूतमिल से जहांगीराबाद रोड,जहांगीराबाद से सद्दीपुर रोड,जहांगीराबाद से भयारा रोड, मामापुर नहरपुल से जहांगीराबाद तक नहर पटरी रोड, गौरिया से बबुरीगांव होते हुए बेहटा तक रोड,देवा चिनहट रोड से संबद्ध ग्वारी करौंदा से भिटौली मोड़ तक रोड,ग्वारी भिटौली रोड टीपहार जंगल से खेवली चौराहे तक की रोड ऐसी व्यस्ततम सकरी सड़के हैं जिनमें प्रत्येक सड़क दर्जनों गांवों को सीधे जिला मुख्यालय से जोड़ने का काम करती है।इन सकरी सड़कों पर जहां एक तरफ लोगों का आवागमन ज्यादा रहता है वहीं स्कूली बच्चे क्षेत्रीय स्कूलों से लेकर जिला मुख्यालय पर स्थित महाविद्यालयों को आते जाते हैं। ऐसे में समस्या तब आती है जब ट्रैक्टर ट्राली, चार पहिया वाहन,ट्रक, जे सी बी,मिट्टी भरे डंपर इन सड़कों पर निकलते है तो साइकिल व मोटर साइकिल सवारों को बहुत बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ता है।कभी कभी तो बड़ी दुर्घटना भी हो जाती है।यहां तक कि यदि दूसरी तरफ से भी कोई बड़ा वाहन आ गया तो घंटों रास्ता ही जाम हो जाता है क्योंकि इन सड़कों की पटरियां भी दुरुस्त नहीं है जिनकी जांच कराना भी आवश्यक होगा।इसके साथ ही संगठन ने सीधे जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली जनपद की अन्य सभी सकरी सड़कों के चौड़ीकरण कराने हेतु भी मांग की है।इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी विजय प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी अंजनी कुमार,जिला प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव,मातृशक्ति जिला प्रभारी शबनम बानो,मातृशक्ति जिला महासचिव चांदनी बानो,मातृशक्ति ब्लॉक प्रमुख सचिव देवा अंजू रावत,बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राम फल, भारतीय छात्रा प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष ऊषा सिंह,पत्रकार इमामुल,पत्रकार अर्जुन यादव, सुशीला देवीआदि मौजूद रहे।
मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या
तेज बहादुर शर्मा।
