MD न्यूज़ बहुआयामी समाचार/मोहम्मद अशफाक

लखीमपुर खीरी।
कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से समस्या समाधान परिवार द्वारा आयोजित बारहवें वस्त्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ गोला स्थित अशोक चौराहे पर किया गया। कार्यक्रम के दौरान मजदूरों, गरीबों, बेसहारा बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को गर्म लोई, शाल, कंबल, टोपा, मौजा सहित अन्य वस्त्र वितरित किए गए।

बीते 12 वर्षों से सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में सक्रिय समस्या समाधान परिवार ने इस वर्ष भी नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ की अध्यक्षता में समूह के सदस्यों के सहयोग से इस पुनीत कार्य को अंजाम दिया। 25 दिसंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों जरूरतमंदों को ठंड से राहत पहुंचाई गई। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देश के विभिन्न क्षेत्रों से वस्त्र वितरण हेतु सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में डॉ. निर्मल सिंह नंदा ने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं सुरजन लाल वर्मा, डॉ. मनोज वर्मा, एडवोकेट रमाकांत चौधरी एवं मोहम्मद अहमद खान ने भी समाजसेवियों के योगदान को सराहा। महिला विंग की सदस्य रचना सक्सेना ने कहा कि यदि ईश्वर ने हमें सक्षम बनाया है तो जरूरतमंदों की सहायता करना हमारा नैतिक दायित्व है।

संगठन के संचालक रजनीश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष इतनी अधिक मात्रा में वस्त्र प्राप्त हुए कि उनकी पैकिंग में लगभग तीन दिन लगे, जिसमें समस्या समाधान परिवार के सदस्यों एवं नारी शक्ति ने श्रमदान किया। उन्होंने बताया कि वस्त्र वितरण अभियान आगे भी रात्रि भ्रमण के माध्यम से जारी रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन दीपक गुप्ता ने किया। श्रमदान में प्रमुख सहयोगियों के रूप में चंद्र प्रकाश मौर्य, दिलीप निषाद, निखिल गुप्ता, आशीष जायसवाल, अरुण कश्यप और कृष्णा का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर प्रीति गुप्ता, राहुल गुप्ता, राजेश गुप्ता, शिवम साहनी, अजय गुप्ता, विनोद गुप्ता, अमित श्रीवास्तव, रामचंद्र गुप्ता, आसिफ, आकाश गुप्ता, सुधीर गुप्ता, अमन जोशन सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed