फाइनल में चंद्रामऊ ने नेवरा को हराकर जीती ट्रॉफी, पठान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा
अयोध्या जनपद की रुदौली तहसील अंतर्गत बाबा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चंद्रामऊ रसीद पट्टी गांव में आयोजित चंद्रामऊ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन सोमवार को हुआ। टूर्नामेंट का शुभारंभ दिनांक 9 जनवरी को माननीय पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी उर्फ रुस्दी मियां द्वारा फीता काटकर किया गया था।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में नेवरा बनाम चंद्रामऊ की टीमें आमने-सामने रहीं। फाइनल मैच 6-6 ओवर का खेला गया, जिसमें नेवरा टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। नेवरा टीम ने निर्धारित 6 ओवर में 68 रनों का लक्ष्य रखा।


लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंद्रामऊ टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेहद आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
टूर्नामेंट के आयोजक सूफील खान ने बताया कि पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का बेहतरीन परिचय दिया। वहीं फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसे देखने के लिए पठान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी उर्फ रुस्दी मियां ने कहा कि
“खेल से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन की भावना भी मजबूत होती है। गांवों से ही प्रतिभाएं निकलकर बड़े स्तर पर अपनी पहचान बनाती हैं।”
कार्यक्रम में रुवील खान, चांद बाबू, जिसान खान, पूर्व प्रधान साकील खान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने टूर्नामेंट की सराहना करते हुए कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन सफल और यादगार रहा।
ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने आयोजकों का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की उम्मीद व्यक्त की।
चंद्रामऊ प्रीमियर लीग ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *