संवाददाता, हरपालपुर (हरदोई):तहसील सवायजपुर के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर में प्रधानी चुनाव की रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि चचेरे भाइयों और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से गांव में तनाव व्याप्त है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।मृतक के पुत्र अरविंद कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग को शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत में करीब 150 फर्जी वोट शामिल किए जाने की शिकायत की थी। इसी शिकायत की जांच के लिए तहसील प्रशासन की ओर से राजस्व निरीक्षक राजेश शुक्ला और लेखपाल श्यामवीर सिंह गांव पहुंचे थे।जांच के दौरान ही विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अरविंद कुमार के सामने ही उसके पिता अशोक सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में अशोक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।अरविंद कुमार का आरोप है कि सामेन्द्र, उसका भाई रामेन्द्र उर्फ रामू, भानु प्रताप पुत्र आदेश सिंह तथा सामेन्द्र, अभय और सुरेन्द्र का पुत्र शिवम ने मिलकर उसके पिता को बेरहमी से पीटा। घटना उस समय हुई जब अरविंद कुमार दोपहर करीब दो बजे कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने जा रहा था।सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी सतेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी हरपालपुर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की जानकारी मिलते ही विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रानू भी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।अरविंद कुमार ने बताया, “मैं प्रधानी चुनाव का दावेदार हूं। फर्जी वोटों की शिकायत करने के कारण ही मेरे पिता की हत्या की गई है। आरोपी हमारे ही पारिवारिक रिश्तेदार और उनके सहयोगी हैं।”पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *