एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ पकड़ा,मेड़बंदी के नाम पर मांगी थी रिश्वत।बहु आयामी समाचार एमडी न्यूज़ वॉइस ब्यूरो चीफ लखनऊ मंडल मोहम्मद आमिर 22 जनवरी लखीमपुर खीरी की मोहम्मदी तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो भूपेन्द्र सिंह को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर खेत की मेड़बंदी कराने के एवज में घूस मांगने का आरोप है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने योजना बनाकर जाल बिछाया। आज 22 जनवरी को जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से आम जनता में कानून के प्रति विश्वास बढ़ा है और सरकारी कर्मचारियों को भी सख्त संदेश गया है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *