महराजगंज, 29 जनवरी 2026,
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा ब्लॉक मिठौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत धरमौली में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, पारदर्शिता तथा श्रमिकों की सहभागिता का मूल्यांकन करना रहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया। निरीक्षण के समय कार्य स्थल पर कुल 09 श्रमिक कार्यरत पाए गए। जिलाधिकारी महोदय ने आंगनबाड़ी केंद्र के मुख्य कक्ष, रसोईघर सहित अन्य संरचनाओं को देखा तथा सृजित मानव दिवस और निर्माण लागत की जानकारी प्राप्त की। तकनीकी सहायक द्वारा अवगत कराया गया कि अब तक कुल 394 मानव दिवस सृजित किए गए हैं। निर्माण कार्य की कुल लागत लगभग 12 लाख रुपये है, जिसमें से लगभग 08 लाख रुपये मनरेगा मद से, 02 लाख रुपये राज्य वित्त से तथा 02 लाख रुपये बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी निर्माण स्थल पर सूचना प्रदर्शक बोर्ड (सीआईबी) न पाए जाने पर जिलाधिकारी महोदय ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा तत्काल सीआईबी लगाए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम सभा की अवशेष भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण कराने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी महोदय द्वारा चकनाली खुदाई कार्य का निरीक्षण किया गया। तकनीकी सहायक ने बताया कि इस कार्य की लागत लगभग 42 हजार रुपये है। जिलाधिकारी महोदय ने उपायुक्त मनरेगा को कार्य के इस्टीमेट की जांच कराने के निर्देश दिए। चकनाली निर्माण स्थल पर भी सीआईबी न पाए जाने पर जिलाधिकारी महोदय ने असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मनरेगा कार्य स्थलों पर अनिवार्य रूप से सीआईबी लगाया जाए। साथ ही उन्होंने मजदूरों की संख्या आवश्यकता के अनुरूप ही रखने के निर्देश दिए, ताकि संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने सरोवर परिसर में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान शौचालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित स्वयं सहायता समूह की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान दोनों कार्य स्थलों की जानकारी अपनी निरीक्षण एरिया इंस्पेक्शन ऐप पर अपलोड की। निरीक्षण के समय उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
