
एम डी न्यूज़ वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो अयोध्या की रिपोर्ट
अयोध्या जनपद के रुदौली क्षेत्र में बीते दो दिनों के अंदर अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पहली दुर्घटना अमानीगंज मार्ग पर मिर्जापुर चोटी दाना मोड़ के समीप हुई। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर कुछ दिन पूर्व भी एक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें रौनाही थाना क्षेत्र के निवासी की जान चली गई थी। तीसरे दिन फिर हुई इस दुर्घटना में वाहन संख्या UP 42 AN 8834 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। किला चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह, हल्का इंचार्ज जय सिंह, नयागंज चौकी इंचार्ज शिवेंद्र पाल सहित पुलिस टीम ने घायल को तत्काल सीएचसी रुदौली भिजवाया। ग्राम प्रधान जंग बहादुर यादव ने भी 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी में उसका संबंध मिर्जापुर/इचोलिया क्षेत्र से बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है, जो राजमती के नाम पंजीकृत पाया गया है।
दूसरी दुर्घटना रोजागांव चीनी मिल के पास हुई, जहां एक मैजिक वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार राज भवन पुत्र वंतीलाल (उम्र लगभग 30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर भेलसर, नयागंज व किला चौकी पुलिस के साथ रुदौली कोतवाल संजय मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच में जुटी हुई है और मृतकों के परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है।
