एम डी न्यूज रोहित जैन जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख बुढ़ाना मुजफ्फरनगर
थाना बुढ़ाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी व फाइनेंस पर खरीदे गए वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे बेचने वाले अंतर्राज्यीय वाहन फर्जीवाड़ा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है।
बरामद सामान में 05 लाख रुपये नकद, 04 ट्रक, 02 मोटरसाइकिल, 01 मोबाइल फोन, 08 फर्जी आधार कार्ड, 06 वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) एवं 01 फर्जी नंबर प्लेट शामिल हैं।
यह कार्रवाई श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह तथा थाना प्रभारी बुढ़ाना सुभाष बाबू अत्री के कुशल नेतृत्व में की गई।
कैसे हुआ गिरोह का पर्दाफाश
दिनांक 01 फरवरी 2026 को थाना बुढ़ाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक अंतर्राज्यीय गिरोह चोरी, फाइनेंस एवं पुराने वाहनों को खरीदकर उनके इंजन व चेसिस नंबर बदलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ट्रकों की बिक्री कर रहा है। सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस ने खतौली तिराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ट्रक को तेज गति से भगाने लगा। पुलिस द्वारा पीछा करने पर आगे सड़क पर गन्ने से भरा ट्रक आ जाने के कारण आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
मेहरबान अली उर्फ कारी, पुत्र यासीन अली
अफजाल, पुत्र रोशन
निवासी — मरकज मस्जिद के पास, मोहल्ला शाहघासी दरवाजा, कस्बा व थाना झिंझाना, जनपद शामली।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे फर्जी आधार कार्ड तैयार कर बैंक खाते खुलवाते थे और उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर वाहन फाइनेंस कराते थे। इसके बाद वाहनों के इंजन व चेसिस नंबर बदलकर अरुणाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से फर्जी पंजीकरण कराकर वाहनों को असली बताकर भोली-भाली जनता को बेच देते थे, जिससे उन्हें भारी अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त होता था।
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त मेहरबान अली के विरुद्ध दिल्ली, शामली एवं हरियाणा में चोरी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सराहनीय कार्रवाई को थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में कुल 09 पुलिसकर्मियों की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed