अडॉप्शन प्रक्रिया में कथित भेदभाव व अवैध वसूली का आरोप, जैन परिवार ने उठाए गंभीर सवाल
बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर।
दिल्ली से आए एक जैन परिवार द्वारा बच्ची को गोद लेने की प्रक्रिया के दौरान तहसील स्तर पर कथित भेदभाव और अवैध धन मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में कागजी कार्रवाई के नाम पर न केवल अनावश्यक अड़चनें डाली गईं, बल्कि पैसे की मांग भी की गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी जैन परिवार ने बुढ़ाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव दत्ताना से एक नवजात बच्ची को गोद लिया। बताया गया कि संबंधित परिवार के यहां पिछले आठ वर्षों से कोई संतान नहीं थी, जिस कारण उन्होंने कानूनी प्रक्रिया के तहत बच्ची को अडॉप्ट किया। गांव के एक परिवार ने नवरात्रों में जन्मी अपनी पुत्री को दान स्वरूप देने की सहमति दी थी।
जैन परिवार का आरोप है कि तहसील कार्यालय में नामांतरण व पंजीकरण की प्रक्रिया के दौरान सब-रजिस्ट्रार पंकज जैन द्वारा यह कहकर आपत्ति जताई गई कि “बच्ची हिंदू समाज की है और जैन परिवार को नहीं दी जा सकती।” इस बयान के बाद कई सवाल खड़े हो गए कि क्या जैन समाज हिंदू समाज का हिस्सा नहीं है?
पीड़ित परिवार का कहना है कि जब उन्होंने इस विषय पर बातचीत करने का प्रयास किया, तो सब-रजिस्ट्रार द्वारा कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया और उन्हें मुजफ्फरनगर जाने को कहा गया। आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान दलालों के माध्यम से ₹3000 की अवैध राशि की मांग की गई, जिसे मजबूरी में देना पड़ा।
परिवार का यह भी कहना है कि सरकारी कार्यालयों में इस तरह की अवैध वसूली आम होती जा रही है और आम नागरिकों को कागजी कार्यवाही के नाम पर परेशान किया जा रहा है। यह मामला न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि सामाजिक समरसता और संवैधानिक समानता पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाता है।
वहीं, सूत्रों के अनुसार राशन कार्ड से जुड़ी अनियमितताओं की एक और रिपोर्ट भी सामने आ रही है, जिसे MD News बहुआयामी समाचार चैनल अगली खबर में प्रमुखता से दिखाएगा।
MD News | बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर


