MD News | बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर।
जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना रतनपुरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन सवेरा अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम ने 20 किलो 870 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत करीब 10 से 11 लाख रुपये) के साथ एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
यह प्रभावी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह (बुढ़ाना) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रतनपुरी के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई।
घटना का विवरण:
दिनांक 02 फरवरी 2026 को थाना रतनपुरी पुलिस टीम ग्राम सठेड़ी की ओर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बडसू की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल को ग्राम फुलत की ओर रजवाहे की पटरी पर मोड़ दिया। संदेह गहराने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर लगभग 40 कदम की दूरी पर मोटरसाइकिल समेत व्यक्ति को दबोच लिया।
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम उस्मान पुत्र अलीहसन, निवासी ग्राम चन्दसीना, थाना रतनपुरी, जनपद मुजफ्फरनगर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20.870 किलो गांजा तथा एक मोटरसाइकिल संख्या UP15 CZ 7040 बरामद की गई।
कानूनी कार्रवाई:
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना रतनपुरी पर मु.अ.सं. 16/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास:
अभियुक्त उस्मान पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कई मामलों में संलिप्त रह चुका है, जिनमें दिल्ली क्राइम ब्रांच एवं थाना रतनपुरी के मुकदमे शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
SHO राकेश कुमार
SSI जितेन्द्र कुमार
SI अजय कुमार त्यागी
हे.का. 185 देवेंद्र सिंह
थाना रतनपुरी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं, वहीं आमजन में कानून-व्यवस्था को लेकर सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई है।
