एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार न्यूज़ चैनल
जिला ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
मिलक-शाहबाद (रामपुर): समाजवादी अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव रामबहादुर ने 38 विधानसभा मिलक-शाहबाद के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्या, पीला खार पुल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।
दशकों का संपर्क टूटा, ग्रामीण परेशान।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि पटवाई से होकर वकेनिया, रतनपुरा, लड़ोरी, सोना, अहमद नगर, खेड़ा, जोलपुर, नईमगंज, बहपुरा और घोसीपुरा जैसे दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला पीला खार पुल लंबे समय से बंद पड़ा है। पुल के बंद होने से क्षेत्रीय जनता का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है।

ग्रामीणों ने बताई अपनी पीड़ा
रामबहादुर जी से बातचीत में ग्रामीणों ने बताया कि पुल बंद होने के कारण उन्हें दैनिक जरूरत के सामान, मेडिकल इमरजेंसी और बच्चों को स्कूल भेजने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
शासन-प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
मौके पर मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए रामबहादुर ने कहा:
”यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग महीनों से ठप पड़ा है और शासन-प्रशासन मौन साधे बैठा है। ग्रामीणों की सुनवाई न होना सरकारी तंत्र की विफलता को दर्शाता है। मैं शासन और जिला प्रशासन से पुरजोर मांग करता हूं कि जनहित में इस पुल को जल्द से जल्द चालू कराया जाए ताकि लोगों की दुश्वारियां खत्म हो सकें।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुल की मरम्मत और संचालन शुरू नहीं किया गया, तो समाजवादी अम्बेडकर वाहिनी ग्रामीणों के हक के लिए उग्र आंदोलन को बाध्य होगी।
