
एम डी न्यूज़ अनुज कुमार की रिपोर्ट
प्रयागराज | हंडिया थाना क्षेत्र के लालापुर (जमशेदपुर) गांव के तीन व्यक्ति गोपीगंज में खाना बनाने का कार्य कर देर रात एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उर्मिला देवी डिग्री कॉलेज, हंडिया के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए जानकारी के अनुसार लालचंद्र यादव (50), हरिश्चन्द्र यादव 32 वर्ष और विपिन यादव 42 वर्ष बाइक से वापस लौट रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची हंडिया पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए तीनों को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल, प्रयागराज रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही लालचंद्र की मौत हो गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके दो बेटे और चार बेटियां हैं। पत्नी उषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे परिवार में शोक की लहर व्याप्त है।
रिपोर्ट अनुज कुमार
