- हनुमत विराट महायज्ञ में शामिल होकर विकास योजनाओं का किया ऐलान
- बोले—प्रदेश में अब शांति, सुरक्षा और समृद्धि का नया दौर
जिला संवाददाता -विशाल गुप्ता
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दशम श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्रीरामार्चा पूजन कार्यक्रम के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश अब अनुशासन, विकास और कानून-व्यवस्था के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि जो लोग अव्यवस्था फैलाने का सपना देखते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि राज्य में कानून सर्वोपरि है और उसका पालन करने के लिए सरकार पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने यज्ञ मंडप में आहुति अर्पित की और संत बलराम दास से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में अयोध्या सहित कई जिलों के संत-महंत, जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

प्रदेश में बदली तस्वीर, शांति और सुरक्षा बनी पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रदेश में अब शांति और सौहार्द का वातावरण है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाकर सरकार ने आमजन को सुरक्षित माहौल दिया है, जिससे विकास की गति तेज हुई है।

सनातन संस्कृति पर गर्व, सजग रहने का आह्वान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सनातन संस्कृति एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने लोगों से एकजुट रहकर सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने और समाज को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील की।

कल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों को लाभ
मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में एक करोड़ से अधिक परिवारों को पेंशन दी जा रही है, जबकि 15 से 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड दिए गए हैं, जिससे गरीब परिवारों को बेहतर इलाज मिल पा रहा है।

बाराबंकी को विकास प्राधिकरण
सीएम योगी ने बाराबंकी को विकास प्राधिकरण देने की घोषणा करते हुए जिले के समग्र विकास की दिशा में इसे अहम कदम बताया। आयोजन के दौरान 79 जोड़ों का सामूहिक विवाह भी संपन्न होना है। जिन्हें मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में गोंडा, बलरामपुर, सुल्तानपुर, श्रावस्ती और बहराइच से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग को साथ लेकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस मौके पर जिला प्रभारी मंत्री सुरेश राही व अवनीश सिंह पटेल, राज्य मंत्री सतीशचन्द्र शर्मा, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत, अनुसूचित जाति व जनजाति आयोग के अध्यक्ष, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, अयोध्या कमिश्नर राजेश कुमार व आईजी अयोध्या सोमेन वर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ प्रवीण कुमार, डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी अर्पित विजयवर्गीय, एडीएम निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश सिंह, एसडीएम नवाबगंज रामनगर व सिरौली गौसपुर आदि महानुभाव उपस्थित रहे।

