
एमडी न्यूज गोंडा रिपोर्टर अनिल वर्मा के साथ अजीत यादव की रिपोर्ट
गोंडा । समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने के बाद कमलेश निरंजन ने गोंडा में मीडिया से बातचीत के दौरान मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में न तो अपेक्षित विकास हुआ है और न ही जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट है। कमलेश निरंजन ने कहा कि मेहनौन विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों के नाम पर केवल शिलान्यास किए गए, लेकिन धरातल पर विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।उन्होंने कहा कि यदि सरकार के कामकाज से जनता संतुष्ट है, तो युवा आए दिन आंदोलन क्यों कर रहे हैं? कमलेश निरंजन ने दावा किया कि मौजूदा सरकार से लोग खुश नहीं हैं।
मेहनौन से चुनाव लड़ने का मौका मिला तो विकास कराने का दावा
कमलेश निरंजन ने कहा कि उन्होंने मेहनौन विधानसभा क्षेत्र में बदलाव और विकास के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है। यदि पार्टी उन्हें मेहनौन से चुनाव लड़ने का मौका देती है, तो वे क्षेत्र में उन विकास कार्यों को पूरा कराने का प्रयास करेंगे, जो अब तक नहीं हो सके हैं। उन्होंने कहा कि मेहनौन की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देना और क्षेत्र में विकास कार्य कराना उनका लक्ष्य रहेगा।
