एम डी न्यूज़ वेद प्रकाश राजपूत, ब्यूरो चीफ अयोध्या की रिपोर्ट
अयोध्या। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या शिवभक्ति में पूरी तरह डूबी नजर आई। रविवार तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शिवालयों में उमड़ पड़ी। भक्तों ने अपने आराध्य भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।
जिले के प्रमुख मंदिरों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विशेष रूप से नागेश्वरनाथ मंदिर और क्षीरेश्वरनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे विधि-विधान से पूजन-अर्चन करते दिखाई दिए।
महाशिवरात्रि को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल की तैनाती रही और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक स्थित शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कई स्थानों पर शाम के समय शिवबारात और भव्य झांकियों की तैयारियां भी जोरों पर रहीं।
धार्मिक मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की आराधना से विशेष फल की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर अयोध्या का दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वाराणसी की महाशिवरात्रि की झलक रामनगरी में साकार हो उठी हो। पूरे शहर में आस्था, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *