एम डी न्यूज़ प्रशांत जैन बिल्सी बदायूॅं की रिपोर्ट

बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम रिसौली के मजरा भिलोलिया स्थित शिव मंदिर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के अंतिम दिन श्रद्धा और भक्ति का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कथा के समापन अवसर पर मैनपुरी से पधारी कथावाचक शिवांगी माधव ने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस वध का प्रसंग बड़े मार्मिक और ओजस्वी स्वर में सुनाया। कथावाचक ने बताया कि कंस अत्याचार, अहंकार और अधर्म का प्रतीक था, जबकि भगवान श्रीकृष्ण धर्म, सत्य और न्याय के प्रतीक हैं। जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतार लेकर उसका विनाश करते हैं। कंस वध का प्रसंग केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि यह संदेश देता है कि अंततः सत्य की ही विजय होती है। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और ‘राधे-राधे’ तथा ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। कथावाचक ने कथा का सार बताते हुए कहा कि जीवन में धर्म, संयम और भक्ति को अपनाने से ही मानव जीवन सफल हो सकता है। समापन अवसर पर आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर भुवनेश कुमार यादव, ओमप्रकाश सिंह, वीरेश कुमार, प्रेमपाल, दिनेश कुमार, अमनेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

एमडी बहुआयामी न्यूज संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी बदायूं

पुलिस कार्यप्रणाली से रूबरू हुए फ्यूचर लीडर्स स्कूल के छात्र

बिल्सी। नगर के बदायूं रोड स्थित फ्यूचर लीडर्स स्कूल के कक्षा सात और आठ के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में बिल्सी कोतवाली का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक करना रहा। यहां पहुंचने पर कोतवाल मनोज कुमार सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य, महिला उपनिरीक्षक रचना देशवाल सहित समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, कंट्रोल रूम संचालन, वायरलेस संचार प्रणाली, लॉकअप व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, यातायात नियम तथा साइबर अपराध से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला एवं बाल सुरक्षा व हेल्पलाइन सेवाओं पर भी प्रकाश डाला। डायरेक्टर वीपी सिंह ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण से छात्रों में व्यवहारिक ज्ञान, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों की समझ विकसित होती है। इस दौरान पीटीआई विश्वदीपक शर्मा, रूबी मौर्य, शिवानी सिंह और प्रीति श्रीवास्तव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *