MD News – बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख: रोहित जैन दभेड़ी वाले, बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)
बुढ़ाना, जनपद मुजफ्फरनगर
जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा बुढ़ाना में आज विशेष त्योहारों के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार बंसल एवं क्षेत्राधिकारी (CO) गजेंद्र पाल सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कस्बे व आसपास के क्षेत्रों का जायज़ा लिया।
अधिकारियों ने बाजारों, मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से संवाद स्थापित किया।
एसपी आदित्य कुमार बंसल ने दिए विशेष निर्देश:
होली के अवसर पर किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अभद्रता या जबरन रंग लगाने की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
दोपहिया वाहन पर दो से अधिक व्यक्तियों के बैठने पर कार्रवाई की जाएगी।

चारपहिया वाहनों में निर्धारित संख्या से अधिक लोगों के बैठने पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नशे की हालत में वाहन चलाने या उत्पात मचाने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में होली के साथ-साथ रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है, ऐसे में सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करना आवश्यक है। त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों को शांति, संयम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुढ़ाना में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दी।
