एम डी बहुआयामी न्यूज रिपोर्टर प्रशांत जैन बिल्सी बदायू

बिल्सी। कोतवाली के सामने स्थित रंजना हॉस्पिटल परिसर में पांच मार्च को सायं पांच बजे से होली मिलन समारोह एवं काव्य संध्या का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम के आयोजक एवं समाजसेवी डॉ. उमेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस बार का आयोजन विशेष रहेगा। पहली बार नगर में ऐसा अवसर होगा जब राजनीतिज्ञों, कलाकारों, पत्रकारों, लेखकों, कवियों और अधिवक्ताओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों का एक मंच पर संगम देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, इसी भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। काव्य संध्या में सोनरूपा विशाल, श्रीदत्त शर्मा, समीक्षा पाठक, शिवकुमार शर्मा और उज्ज्वल वशिष्ठ सहित स्थानीय कवि वेदरिचा माथुर, आशीष वशिष्ठ, सुवीन माहेश्वरी, विष्णु असावा एवं ओजस्वी जौहरी अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। कवि अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को होली के रंग में सराबोर करेंगे। समारोह की अध्यक्षता नरेंद्र मोहन गरल करेंगे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

समस्याओं के समाधान के मिला आश्वासन, बहिष्कार किया स्थगित

बिल्सी। तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर 6 फरवरी से उपजिलाधिकारी बिल्सी की न्यायालय में न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया जा रहा था। अधिवक्ताओं का कहना था कि लंबित समस्याओं के समाधान न होने के कारण यह निर्णय लिया गया था। जिला बार एसोसिएशन बदायूं के महासचिव संदीप कुमार मिश्रा एवं बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के प्रयासों के बाद प्रशासनिक स्तर पर वार्ता हुई। इस दौरान जिलाधिकारी तथा उपजिलाधिकारी द्वारा अधिवक्ताओं की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल और आश्वासन मिलने के उपरांत बार एसोसिएशन ने जारी बहिष्कार को स्थगित करने की घोषणा की है। एसोसिएशन अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह और महासचिव ज्ञान सिंह त्यागी समेत पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से नहीं हुआ तो आगे की रणनीति पर पुनः विचार किया जाएगा।

जलापूर्ति की नई पाइपलाइन पर उठे सवाल, सभासदों ने मुख्यमंत्री से की शिकायत

बिल्सी। नगर में बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन को लेकर नगर पालिका परिषद के सभासदों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। इस संबंध में सभासदों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक शिकायती पत्र उत्तर प्रदेश शासन को भेजते हुए जांच की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा अमृत योजना के अंतर्गत कराए जा रहे पाइपलाइन कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि कई स्थानों पर पुरानी लाइन को हटाए बिना ही नई पाइपलाइन डाली जा रही है। साथ ही पाइप की गुणवत्ता और गहराई को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। सभासदों का कहना है कि कार्य में तकनीकी मानकों का पालन नहीं हो रहा, जिससे भविष्य में जलापूर्ति बाधित होने और सड़कें धंसने की आशंका बनी रहेगी। सभासदों ने पत्र में उल्लेख किया है कि संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं कराई गई तो सरकारी धन का दुरुपयोग होगा और जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। सभासद शाहनवाज अल्वी, नगमा बेगम, धर्मवीर सिंह, मनीष, सूरज, अजीत सिंह, राजीव कुमार आदि ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा कराने की भी मांग की गई है, ताकि नगरवासियों को शुद्ध और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो।

बाइक सवार दंपति के साथ मारपीट, एक घायल

बिल्सी। उघैती थाना क्षेत्र के खंडुआ गांव के पास एक बाइक दूसरी बाइक से टच होने पर दबंगों ने बाइक सवार दंपति के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में बाइक सवार एक व्यक्ति के गंभीर चोट आई। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद पुलिस ने घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए बिल्सी सरकारी अस्पताल भेजा और पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है। उघैती थाना क्षेत्र के बड़ौली की मढै़या निवासी सिद्धधारी ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी सोमवती के साथ बाइक से अपने घर लौट रहे थे जैसे ही बाइक क्षेत्र के खंडुआ गांव के पास पहुंची तो उनकी बाइक दूसरी बाइक से मामूली सी टच हो गई। इसी बात को लेकर खंडुआ निवासी बाइक सवार लोगों ने दंपति के साथ मारपीट की, मारपीट में सिद्धधारी के गंभीर चोट आई है। वही मामले की शिकायत पुलिस से की गई जिसके बाद पुलिस ने घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

(28बीडीएन-51)

श्याम भवन हुआ खाटू श्याम बाबा का संकीर्तन

बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या एक पटवा कॉलोनी स्थित श्याम भवन पर शुक्रवार की रात एकादशी पर्व के उपलक्ष्य में खाटू श्याम बाबा के संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा श्याम के भजनों पर जमकर झूमे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम से पूर्व खाटू श्याम बाबा का आकर्षक और भव्य श्रृंगार किया गया। यहां सबसे पहले भवन के सेवादार शिवम माहेश्वरी ने विधिविधान से बाबा की ज्योत प्रज्वलित कर संकीर्तन का शुभारंभ कराया। जैसे ही भजन-कीर्तन शुरू हुआ, श्याम प्रेमियों ने बाबा के जयकारों के साथ गीत गाकर अपनी आस्था प्रकट की। संकीर्तन के दौरान “हारे के सहारे, श्याम हमारे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण भी किया गया। इस मौके पर कई श्रध्दालु मौजूद रहे।

(28बीडीएन-52)

पर्यावरण हितैषी होली का संदेश लेकर लोगों के पास पहुंचे आचार्य संजीव रूप

बिल्सी। आर्य समाज गुधनी के अंतरराष्ट्रीय समाज सुधारक व वैदिक विद्वान आचार्य संजीव रूप होली को पर्यावरण शुद्धि का पर्व बनाने की मुहिम के तहत बिल्सी पहुंचे। उन्होंने नगर के गणमान्य व्यापारियों, अधिवक्ताओं व नागरिकों को होली सामग्री के पैकेट वितरित किए। आचार्य ने सर्वप्रथम तहसील में एसडीएम प्रेमपाल सिंह, तहसीलदार प्रभा सिंह, क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह और कोतवाल मनोज कुमार सिंह को सामग्री भेंट कर होली का सही महत्व बताया। उन्होंने कहा कि होली यज्ञ का पवित्र पर्व है, इसे शराब सेवन, गंदी वस्तुएं जलाने और अत्यधिक लकड़ी की बर्बादी से दूषित नहीं करना चाहिए। शुद्ध सामग्री से होलिका दहन करने से वातावरण की शुद्धि होती है। एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए यह सराहनीय अभियान है। इस दौरान रजनीकांत अग्रवाल, लव कुमार वार्ष्णेय, लोकेश वार्ष्णेय, मनीष वार्ष्णेय, डॉ. राजाबाबू वाष्र्णेय, नरेंद्र गरल, बीपी सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

(28बीडीएन-53)

गुधनी विद्यालय में वार्षिकोत्सव की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय गुधनी में वार्षिकोत्सव एवं शारदा संगोष्ठी का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महीपाल सिंह ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में आचार्य संजीव रुप उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के बाद बच्चों ने सांस्कृतिक, शैक्षिक और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। बाल विवाह नाटिका और अनपढ़ बीबी नाटिका को दर्शकों ने खूब सराहा। होली गीत की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। अतिथियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं व परीक्षाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं को कक्षा सात के विद्यार्थियों ने भावभीनी विदाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को विद्यालय के प्रधानाध्यापक अगरपाल सिंह, रंजीत सिंह चौहान, अरिमर्दन सिंह भाटी द्वारा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। शकुन्तला व साधना सुमन ने पुष्प भेंट किए। कार्यक्रम में बादल, रंजन कुमार, साहिब अहमद, गौतम कुमार शाक्य, शिक्षा, दीक्षा, पूनम, दिव्याँशी, किरण, नैन्सी, अनुज, सुरजीत कुमार का विशेष सहयोग रहा। संयोजन साधना सुमन ने किया।

(28बीडीएन-54)

विराट हिन्दू सम्मेलन में धर्म और संस्कृति पर हुआ मंथन

बिल्सी। तहसीस क्षेत्र के गांव नागरझूना स्थित चूरामन मेमोरियल इंटर कॉलेज में शनिवार को विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति एवं सामाजिक एकता पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कथावाचक हरिओम उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता मयंक राज ने समाज में नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ बनाए रखने का आह्वान किया। समाजसेवी डॉ. उमेन्द्र कुमार गुप्ता ने समाज की एकजुटता और जागरूकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री बृजबिहारी लाल शास्त्री ने की। इस अवसर पर राजीव, विद्यालय प्रबंधक कुंवरपाल शर्मा, सोमदत्त शर्मा, जितेंद्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मातृ शक्ति की ओर से मोनिका की विशेष सहभागिता रही। सम्मेलन में क्षेत्र के समस्त ग्रामवासियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

(28बीडीएन-55)

हर्बल रंगों संग स्कूल के बच्चों ने मनाया होली महोत्सव

बिल्सी। रंगों के पर्व होली का आगाज नगर के फ्यूचर लीडर्स स्कूल में आध्यात्मिक और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण आचार्य संजीव रूप की उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यालय परिवार को जड़ी-बूटियों से तैयार विशेष ‘होलिकोत्सव सामग्री’ भेंट करते हुए पर्यावरण शुद्धि का संदेश दिया। आचार्य संजीव रूप ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति संतुलन और वातावरण शोधन का वैज्ञानिक माध्यम भी है। औषधीय जड़ी-बूटियों से होलिका दहन करने पर वायुमंडल शुद्ध होता है और संक्रामक रोगों से बचाव में मदद मिलती है। उनके उद्बोधन के बाद विद्यालय परिसर गुलाल और उल्लास से सराबोर हो उठा। विद्यार्थियों व शिक्षकों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर सौहार्दपूर्ण ढंग से पर्व मनाया। विद्यालय प्रबंधन ने हर्बल और प्राकृतिक रंगों के प्रयोग पर जोर दिया। डायरेक्टर वीपी सिंह ने होली को एकता का प्रतीक बताया। एमडी राहुल कुमार सिंह ने सुरक्षित और प्राकृतिक होली मनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने सांस्कृतिक आयोजनों को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। अंत में मिष्ठान वितरण हुआ। कार्यक्रम में सीके शर्मा, परमेंद्र सिंह, केशव शर्मा, राखी गुप्ता सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

(28बीडीएन-56)

बलदेव धाम में पुष्पों की होली, राधा रानी बने बच्चों ने मोहा मन

बिल्सी। बिसौली रोड स्थित ग्राम खौंसारा-गुधनी के बलदेव धाम पर शनिवार को भक्तिमय वातावरण में पुष्पों की होली खेली गई। कार्यक्रम में राधा रानी के स्वरूप में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मनमोह लिया। धाम परिसर फूलों की खुशबू और जयकारों से गूंज उठा। पीठाधीश्वर लालतेश्वरानंद जी महाराज ने धाम पर आए श्रद्धालुओं के साथ पुष्प वर्षा कर होली खेली। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का पर्व है, जिसे आपसी सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। बच्चों ने राधा-कृष्ण की झांकी प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोतवाल मनोज कुमार सिंह रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर प्रशांत जैन, विष्णु असावा, ठाकुर देव, सूरज सागर, मृदुल शर्मा, अखिल शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

6 attachments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *