एमडी न्यूज सेवापुरी मुन्ताज अली की रिपोट

आज दिनांक 02.03.2026 को चौकी रामेश्वर, थाना जंसा पर श्री नृपेन्द्र, अपर पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन द्वारा होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गोमती जोन के समस्त थाना प्रभारियों, व्यापारी बंधुओं, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, सम्भ्रान्त व्यक्तियों एवं ग्राम प्रधानों के साथ पीस कमेटी की गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं धर्मगुरुओं से संवाद कर होली का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही अराजक तत्वों के संबंध में पुलिस एवं प्रशासन को तत्काल सूचना देकर सहयोग करने का अनुरोध किया गया।

बैठक में निम्नलिखित सामान्य दिशा-निर्देश प्रदान किए गए—
• विवादित स्थलों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर अथवा विद्युत लाइनों के नीचे या निकट होलिका दहन न किया जाए।
• थाना क्षेत्र में किसी भी नई प्रथा या परंपरा की शुरुआत न की जाए।
• होली पर्व पर शुद्ध एवं शालीन भाषा का प्रयोग किया जाए तथा अश्लील एवं आपत्तिजनक शब्दों से परहेज किया जाए, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
• महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
• किसी व्यक्ति, वर्ग अथवा समुदाय विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी से बचा जाए।
• होली के दिन जनपद में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अवैध क्रय-विक्रय पाए जाने पर विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

समस्त थाना प्रभारियों को त्योहार के दृष्टिगत निम्नलिखित विशेष निर्देश दिए गए—

  1. होलिका दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रत्येक स्थल पर वालंटियर्स की तैनाती एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  2. पूर्व वर्षों में होली के दौरान हुए विवादों को दृष्टिगत रखते हुए संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की पहचान कर शांति समिति/आयोजन समिति के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
  3. असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
  4. थाना क्षेत्र में ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी रखी जाए।
  5. सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस बल के साथ सक्रिय गश्त करें तथा चिन्हित स्थानों एवं अंतरजनपदीय सीमाओं पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करें।
  6. सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
  7. डी.जे. संचालकों को ध्वनि विस्तारक यंत्रों से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देकर शासन द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
    सोशल मीडिया प्लेटफार्म (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, यूट्यूब आदि) पर पुलिस टीम द्वारा 24×7 निगरानी की जा रही है। अप्रमाणित सूचना या अफवाह साझा न करें। ऐसा करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, राजातालाब तथा विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण, गोमती जोन के समस्त थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *