वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या एम डी न्यूज़ चैनल की रिपोर्ट
रंगों के पर्व होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब सरयू नदी में नहाने गए तीन नाबालिग युवक डूब गए। हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि ग्रामीणों और प्रशासन की तत्परता से एक युवक की जान बचा ली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार होली खेलने के बाद तीनों किशोर सरयू नदी में नहाने के लिए चले गए थे। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूबने लगे। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, जिसके चलते यह हादसा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो किशोरों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान राज सैनी और सुमित कोरी, निवासी मुबारकगंज के रूप में हुई है। यह दुखद घटना रौनाही थाना क्षेत्र के कलाफरपुर घाट पर घटी। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान नदी या गहरे पानी में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें और बच्चों को अकेले नदी में जाने से रोकें।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *