बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर शुक्रवार की शाम को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसकी सास और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार उघैती थाना क्षेत्र के गांव कुबरी निवासी बीपी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका भाई कप्तान सिंह पुत्र मेघसिंह अपनी ससुराल थाना बिसौली क्षेत्र के गांव अंबियापुर से बाइक से घर लौट रहे थे।

बाइक पर उनके साथ उनकी सास चमेली और एक बच्ची भी बैठी हुई थी। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक बदायूं-बिजनौर हाईवे पर उघैती थाना क्षेत्र के गांव टिटौली के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही उघैती थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस की मदद से बिल्सी के सरकारी अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने कप्तान सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल महिला चमेली और बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *