रफीउल्लाह खान ब्यूरो चीफ एम डी न्यूज़ चैनल की रिपोर्ट

आज सुबह करीब 11:00 बजे उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कॉलोनी कार्यालय से एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा। वहां पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने जनपद रामपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के संबंध में ज्ञापन प्रेषित किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि जनपद रामपुर के जिला चिकित्सालय में 600 बेड का मेडिकल कॉलेज शुरू होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज न होने के कारण हर वर्ष लगभग 20 हजार लोगों की मृत्यु हो जाती है। जिला चिकित्सालय से रेफर होने के बाद कई मरीज बाहर जाते समय ही दम तोड़ देते हैं, क्योंकि यहां हार्ट, ब्रेन, लिवर, किडनी और जनरल फिजिशियन जैसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है।
जिलाधिकारी ने इस विषय पर उन्हें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह से मिलने के लिए कहा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर चर्चा की। इस दौरान जानकारी मिली कि अलीगंज बेनजीर गाटा संख्या 476, 481, 482, 483 व 122 (ग्राम जगतपुर) की भूमि मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित की गई है, जो उद्यान विभाग की भूमि है।
बताया गया कि इस संबंध में 7 दिसंबर 2021 को रिपोर्ट तैयार कर 15 दिसंबर 2021 को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रामपुर को भूमि उपलब्ध कराने के लिए पत्र जारी किया गया था। वहीं 22 दिसंबर 2021 को निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, सप्रू मार्ग लखनऊ को भूमि स्थानांतरण के लिए पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने उम्मीद जताई कि जल्द ही रामपुर को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री पप्पू खा, मंडल अध्यक्ष अब्दुल बासित, संगठन मंत्री कन्हैया लाल पटवा, जिला प्रचार मंत्री गोपाल शर्मा, प्रचार मंत्री यासीन, जिला सचिव मिलन सक्सेना, संरक्षक शाहिद मामू, विष्णु सैनी, नजाकत अली रयान, प्रवीण गुर्जर सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *