गोंडा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के सोनार गली, बरियारपुरवा में देर रात एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में भीषण आग लग गई। इस आग में कूलर, एलईडी टीवी, हीटर, टेबल फैन और स्टैंड फैन सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।जानकारी के अनुसार, यह गोदाम निखिल कुमार आजाद के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम का बताया जा रहा है। देर रात करीब 3 बजे स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, जिसके बाद तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी गई।मौके पर पहुंचे निखिल कुमार ने शटर खोलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गली होने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों की मदद से दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा कूलर, एलईडी, हीटर और पंखों का बड़ा स्टॉक जल गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि बरियारपुरवा स्थित इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी, जिस पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस जांच कर रही है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *