मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महिलाओं ने गाय भजन

एम डी न्यूज़ संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी

बिल्सी। चैत्र माह के प्रथम नवरात्र के पावन अवसर पर बृहस्पतिवार को देवी दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। नगर के प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर, बिजलीघर रोड स्थित नवदुर्गा मंदिर, शिव शक्ति भवन मंदिर, देववाणी मंदिर, मां खेड़े वाली देवी मंदिर सिरासौल सहित अन्य देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने माता के चरणों में नारियल, फल-फूल और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामनाएं कीं। मंदिर परिसर जयकारों से गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां शैलपुत्री की आराधना से जीवन में स्थिरता, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। नवरात्र के पहले दिन घरों में भी विधि-विधान से कलश स्थापना कर नौ दिवसीय पर्व का शुभारंभ किया गया। नगर के कुटी मंदिर एवं मोहल्ला संख्या दो के नील कंठेश्वर महादेव मंदिर पर महिलाओं ने देवी भजन गाकर आराधना की। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क नजर आया, महिला एसआई रचना देशवाल ने फोर्स के साथ नगर के प्रमुख मंदिरों के आसपास व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *