बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर स्थित गांव गढ़ौली के निकट सड़क किनारे लगाए जा रहे हाईटेंशन लाइन के पोल को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने विरोध जताया। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद पोल लगाने का कार्य शुरू हो सका। ग्रामीणों का आरोप था कि विद्युत विभाग द्वारा लगाए जा रहे 11 मीटर लंबे पोल की दूरी अधिक रखी जा रही है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी।

इसी को लेकर ग्रामीणों ने कार्य रुकवा दिया और मौके पर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रेमपाल सिंह और कोतवाल मनोज कुमार सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा के मद्देनजर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पोल की ऊंचाई 13 मीटर की जाएगी और उनकी दूरी भी मानकों के अनुसार कम रखी जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण संतुष्ट हो गए और पोल लगाने के लिए सहमति दे दी। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने दोबारा कार्य शुरू कर दिया।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed