
वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या एम डी न्यूज़ चैनल की रिपोर्ट
अयोध्या रुदौली।चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मां कामाख्याधाम में आयोजित भव्य मेले और कामाख्याधाम महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बलवंत चौधरी गुरुवार को मौके पर पहुंचे। उनके साथ बाबा बाजार थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार आजाद भी मौजूद रहे।
एसपी ग्रामीण ने सबसे पहले घाट क्षेत्र का निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि घाट पर बैरिकेडिंग की गई है तथा किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए जल पुलिस के साथ गोताखोरों की तैनाती की गई है। गोताखोरों को लाइफ जैकेट भी उपलब्ध कराई गई है।
इसके बाद एसपी ग्रामीण ने पूरे मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे किसी भी प्रकार की दुकानें न लगने दी जाएं और सभी दुकानें व्यवस्थित ढंग से लगाई जाएं, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
उन्होंने मेला क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया और पंडाल की गुणवत्ता की जांच के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार आजाद ने बताया कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 251 कन्याओं का सामूहिक विवाह भी आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में एसपी ग्रामीण ने आयोजकों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
