उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस हाईलेवल मीटिंग में मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह अरुण कुमार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्रिमंडल विस्तार और ओबीसी आयोग पर मंथन
बैठक का मुख्य फोकस संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर रहा, जिसे लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही पंचायत चुनाव से पहले ओबीसी आयोग के गठन पर भी गंभीर चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक भी इस बैठक में मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, इन मुद्दों पर अंतिम निर्णय आगामी कैबिनेट बैठक में लिया जा सकता है।
संगठनात्मक बदलाव और असंतोष दूर करने पर जोर
बैठक में भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन, आयोगों और निगमों में कार्यकर्ताओं के समायोजन जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही संगठन के भीतर मौजूद असंतोष को दूर करने के लिए रणनीति बनाने पर भी विचार किया गया। नेताओं ने आपसी मतभेद खत्म कर पार्टी में एकजुटता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
चुनावी रणनीति पर फोकस
आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और पिछली सरकारों से तुलना के आधार पर प्रचार अभियान चलाने की रणनीति पर सहमति जताई। बैठक से पहले संघ और संगठन के बीच अलग से विचार-विमर्श भी किया गया, ताकि चुनावी तैयारियों को और मजबूत किया जा सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *